तेलीबाग के कल्ली पश्चिम में बनाया जा रहा एंटी करप्शन विभाग का नया थाना।
तेलीबाग। पीजीआई के कल्ली पश्चिम में एंटी करप्शन विभाग के नए थाने के लिए आवंटित सरकारी जमीन पर कब्जे की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि शनिवार सुबह गड्ढे खोदकर बांस-बल्ली गाड़ने और तार लगाने का प्रयास किया गया। इस मामले में चार लोगों के खिलाफ पीजीआई थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
कल्ली पश्चिम गांव में भ्रष्टाचार निवारण संगठन की लखनऊ मंडल इकाई के नए थाने के लिए जमीन आवंटित की गई है। शासन ने प्रशासनिक भवन के निर्माण के लिए बजट भी आवंटित किया है और निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। विभाग के चौकी प्रभारी विजेंद्र सिंह के मुताबिक, कानूनगो, लेखपाल और राजस्व टीम ने ग्रामीणों व आसपास के जमीन मालिकों की मौजूदगी में जमीन की पैमाइश कर सीमांकन कराया था। आरोप है कि शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे कुछ लोगों ने गड्ढे खोदकर बांस-बल्ली और तार लगाकर जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया।
पुलिस ने सरोजनीनगर के ट्रांसपोर्टनगर निवासी अमन राजपाल, अर्जुनगंज निवासी अरविंद द्विवेदी और गंगाराम व रायबरेली निवासी रामकृष्ण के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इंस्पेक्टर सुनील सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।