लखनऊ। महिला सिपाही ने पति पर दहेज के लिए गला दबाकर हत्या के प्रयास, पीटने व घर में आग लगाने का आरोप लगाते हुए महानगर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें पति समेत चार को नामजद किया है।
रिजर्व पुलिस लाइन में रहने वाली सिपाही सपना सिंह ने महानगर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि साल 2013 में उनकी शादी हरदोई के बघौली निवासी विकास सिंह चौहान से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही पति व ससुरालीजन दहेज की मांग को लेकर पिटाई करने लगे। दो साल बाद जब उन्होंने बेटी को जन्म दिया तो प्रताड़ना और बढ़ गई। लखनऊ में तैनाती के चलते वह पति व बच्चों संग पुलिस लाइन परिसर में रहने लगीं। सपना का आरोप है कि यहां भी पति कारोबार करने के लिए 50 हजार रुपये की मांग करने लगा। असमर्थता जताने पर बीते 29 फरवरी को उनकी व बच्चों की पिटाई कर दी।
रविवार को भी पति ने गला दबाकर हत्या का प्रयास किया। बच्चों को भी पीटा। फिर तोड़फोड़ कर घर में आग लगा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आग बुझाई। महानगर इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार मिश्र के मुताबिक आरोपी पति विकास, ससुर रविंद्र, सास किरन व जेठ गौरव सिंह चौहान के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।