माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। दारुलसफा स्थित हिंदू युवा वाहिनी के प्रांतीय महामंत्री सिद्धार्थ मिश्रा के कार्यालय से जारी पत्र पर किसी ने प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री का फर्जी हस्ताक्षर कर एफआईआर के आदेश जारी कर दिए। संदेह होने पर मामले की जांच की गई तो फर्जीवाड़े का पता चला। मामले की गंभीरता को देखते हुए दरोगा शुभम मेहंदियान ने हजरतगंज थाने में केस दर्ज कराया है।
एफआईआर के मुताबिक जारी किए गए पत्र में कानपुर निवासी आपराधिक किस्म के व्यक्ति पर धर्मांतरण और हिंदू लड़कियों के शोषण का आरोप लगाया गया था। पत्र मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए भेजा गया था।
पत्र पर प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री संजय प्रसाद के हस्ताक्षर व मुहर अंकित करते हुए डीजीपी को एफआईआर दर्ज करने के लिए कहा गया था। पत्र की जांच पुलिस मुख्यालय में तैनात डिप्टी एसपी अखिलेश राजन ने की तो हस्ताक्षर और मोहर फर्जी पाए गए। इसके बाद फर्जीवाड़ा करने वाले के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए।
इंस्पेक्टर विक्रम सिंह का कहना है कि अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।