सोशल मीडिया पर होमगार्ड भर्ती परीक्षा का पेपर उपलब्ध कराने का फर्जी पोस्ट करके वसूली की कोशिश का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस भर्ती बोर्ड के निरीक्षक ने राजधानी के हुसैनगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। आगे पढ़ें पूरी खबर...
उत्तर प्रदेश में होमगार्ड भर्ती परीक्षा-2025 का प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का फर्जी पोस्ट करने पर पुलिस भर्ती बोर्ड ने राजधानी लखनऊ के हुसैनगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। टेलीग्राम पर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का संदेश वायरल करने के बाद कार्रवाई की गई। परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल को होगी।
विज्ञापन
बोर्ड के सतर्कता निरीक्षक राजेश कुमार उपाध्याय की तहरीर पर एफआईआर की गई है। इसके मुताबिक, 23 अप्रैल को टेलीग्राम पर एग्जाम पेपर वाला नाम के चैनल और पेपर_माफियावाई नाम के यूजर ने होमगार्ड भर्ती का पेपर उपलब्ध का संदेश प्रसारित किया। अनुचित लाभ के लिए क्यूआर कोड भी दिया गया।
पुलिस भर्ती बोर्ड सोशल मीडिया सेल के माध्यम से व्हाट्सएप, एक्स, फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब जैसे सभी प्लेटफार्मों पर निगरानी कर रहा है। आरोप है कि प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का संदेश सिर्फ पैसे कमाने के लिए वायरल किया गया। इससे अभ्यर्थियों में भ्रम की स्थिति पैदा हुई। भारतीय न्याय संहिता की धारा 221, 292, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66 डी और उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 की धारा 4/13 (2), 8/13 (4) के तहत एफआईआर की गई है।