रायबरेली। ऊंचाहार स्थित एनटीपीसी परियोजना में दूसरे श्रमिकों के पास से मंगलवार को तीन लोगों ने अंदर जाने की कोशिश की। सीआईएसएफ के जवानों ने एक निजी कंपनी के सुपरवाइजर समेत चार लोगों को पकड़ लिया। सीआईएसएफ की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों का शांतिभंग में चालान किया है।
सोनभद्र जिले के बभनी थाना क्षेत्र के बभनी गांव निवासी सहदेव, दुद्धी थाना क्षेत्र के भीसूर गांव निवासी छोटू यादव व बभनी थाना क्षेत्र के बरवा टोला निवासी सूरजलाल मंगलवार दोपहर एनटीपीसी ऊंचाहार के मुख्य गेट से प्रवेश कर रहे थे। सीआईएसएफ के जवानों ने तीनों को रोका और गेट पास की जांच की। जवानों ने पाया कि तीनों लोगों के पास मौजूद पास दूसरे श्रमिकों के हैं।
एनटीपीसी में काम करने वाली एक निजी कंपनी के सुपरवाइजर ने तीनों को दूसरे श्रमिकों के पास देकर अंदर जाने के लिए मदद की। सीआईएसएफ के जवानों ने चारों को पकड़कर ऊंचाहार पुलिस के सुपुर्द कर दिया। कोतवाली प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि झारखंड प्रांत के माझियांव जिले के जोगिवीर थाना क्षेत्र के करमड़ी निवासी सुपरवाइजर इरशाद आलम और छोटू, सूरजलाल, सहदेव का शांतिभंग में चालान किया गया है।