लखनऊ। जानकीपुरम में सोमवार देर रात बाइक सवार बदमाशों ने एक दुकान के बाहर बम फेंककर दहशत फैला दी। तेज धमाके की आवाज सुन इलाके के लोग सहम गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज में बम फेंकने वाले बदमाशों की तस्वीरें मिलने के बाद तलाश शुरू की और मंगलवार दोपहर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रभारी निरीक्षक जानकीपुरम रणजीत सिंह भदौरिया के मुताबिक, छठामील कमलानगर निवासी गौरव प्रकाश श्रीवास्तव व शैलेंद्र दोस्त हैं। दोनों तिवारीपुर स्कूल के पास मौजूद थे। पार्क के पास कुछ युवक बैठकर बीयर पी रहे थे। गौरव व शैलेंद्र भी मॉडल शॉप पर बीयर लेने पहुंचे। वहां पर अचल मिल गया। गौरव व अचल के बीच बीयर लेने की बात पर कहासुनी होने लगी। बीयर दुकानदार ने बीच-बचाव कर वहां से हटाया। इसके बाद गौरव व शैलेंद्र वापस आ गए। रात को शैलेंद्र के साथ वह दुकान पर बैठा था।
इसी दौरान अचल तीन बाइक पर अपने सात दोस्तों के साथ पहुंचा। उन्होंने दुकान पर ताबड़तोड़ कई बम फेंक दिए। धमाके की आवाज से पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। गौरव व शैलेंद्र दुकान के अंदर छिप गए। इसी बीच स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। शुरूआत में पुलिस इसे पटाखा बता रही थी। लेकिन सीसीटीवी कैमरे की फुटेज मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। सुबह सोशल मीडिया पर सूचना वायरल होने लगी तो पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, बाइक बरामद
प्रभारी निरीक्षक रणजीत सिंह भदौरिया के मुताबिक, बमबाजी कर दहशत फैलाने वाले युवकों की तलाश के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद मिली थी। साथ ही गौरव प्रकाश ने भी अचल के बारे में बताया था। पुलिस ने अचल को मंगलवार को दबोच लिया। उससे पूछताछ की गई। वहीं पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बाइक भी बरामद कर ली है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।