बख्शी का तालाब। सैरपुर पुलिस ने जानकीपुरम निवासी आदित्य नारायण पांडेय पर हुए जानलेवा हमले के मामले की बुधवार को रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उनका आरोप है कि हमले में उसकी एक आंख की रोशनी चली गई।
तिवारी विला जानकीपुरम निवासी आदित्य नारायण पाण्डेय पुत्र पंकज पाण्डेय ने बताया कि बीते 27 नवंबर की रात अपने रियल एस्टेट के ऑफिस का काम खत्म करने के बाद अपनी दोस्त के साथ सीतापुर रोड स्थित फौजी ढाबा पर खाना खाकर घर जा रहे थे। बख्शी का तालाब से यू-टर्न लेने के बाद आगे बढ़ने पर बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने ईंट से हमला कर दिया। ईंट लगने से कार डिवाइडर से टकरा गई। हमले में कार का फ्रंट शीशा और ड्राइवर साइड का शीशा टूट गया। शीशा टूटने से आदित्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। ट्रॉमा व चेन्नई में इलाज के दौरान पता चला कि हमले में उनकी एक आंख की रोशनी चली गई है। थाना प्रभारी शेरपुर मनोज कुमार ने बताया है कि पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और घटनास्थल के आसपास की वीडियो फुटेज जुटाए जा रहे हैं।