स्कूल के 65 वर्षीय चौकीदार पर हमला, गर्दन रेती, अंगुली काटी
जानकीपुरम स्थित निजी स्कूल के चौकीदार 65 वर्षीय सीताराम की धारदार हथियार से गर्दन रेत दी गई। हमलावर से जूझने के दौरान उनके हाथ की एक अंगुली भी कट गई।
सूचना पाकर आई पुलिस ने गंभीर हालत में उन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। इंस्पेक्टर मो. अशरफ ने बताया कि वारदात सोमवार रात की है।
चौकीदार की हालत गंभीर है और वह बोल नहीं पा रहे हैं। इशारों में उन्होंने अपनी पहचान के ही एक व्यक्ति के द्वारा हमले की जानकारी दी है। हमलावर कौन है? इस बारे में पता लगाया जा रहा है।
इंस्पेक्टर ने बताया कि सीताराम बीकेटी में रहते हैं और जानकीपुरम के मिर्जापुर गांव स्थित स्कूल में करीब एक साल से चौकीदारी कर रहे हैं।
उनके बेटे संजय राजपूत का कहना है कि सोमवार रात वह ड्यूटी पर गए थे। देर रात किसी ने उन पर हमला कर दिया। धारदार हथियार से गर्दन रेत दी और मरा समझकर भाग गए।
खून से लथपथ सीताराम किसी तरह घिसटते हुए पड़ोस स्थित घर पर पहुंचे और मदद की गुहार लगाई। उनकी हालत देखकर हड़कंप मच गया।
गर्दन बुरी तरह से कटी हुई थी। एक हाथ की अंगुली भी कटी थी। ऐसा लग रहा था कि सीताराम ने हमलावर से काफी संघर्ष किया था।
पड़ोसियों से सूचना पाकर आई पुलिस उन्हें ट्रॉमा सेंटर ले गई। सीताराम पर हमले की खबर सुनते ही परिवारीजनों के होश उड़ गए। रोते-पीटते वह ट्रॉमा सेंटर पहुंच गए।
परिवारीजनों से रंजिश अथवा अन्य विवादों की बात से इनकार किया है। उधर, इंस्पेक्टर का कहना है कि स्कूल में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, लेकिन मेन गेट की तरफ कोई कैमरा नहीं है।
वारदात उसी जगह हुई, जहां सीसीटीवी कैमरे की कवरेज नहीं थी। इससे लग रहा है कि सीताराम पर हमला किसी परिचित ने ही किया है।
इशारों में उन्होंने भी परिचित व्यक्ति की जानकारी दी है। फिलहाल वह बोलने की स्थिति में नहीं है, इसलिए कुछ पता नहीं चल रहा है।
पुलिस का यह भी मानना है कि हमले के पीछे कोई बदमाश या चोर का हाथ हो सकता है। संजय की तरफ से प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।