लखनऊ। ठाकुरगंज इलाके में मंगलवार देर रात जिला बदर अपराधी को दबोचने गई पुलिस टीम पर मोहल्ले के लोगों ने हमला कर दिया। पुलिस टीम से धक्कामुक्की कर अपराधी को भगाने की कोशिश की गई मगर सूचना पर भारी पुलिस बल लेकर पहुंचे इंस्पेक्टर ने लाठियां फटकार कर लोगों को खदेड़ दिया।
ठाकुरगंज के इकबालनगर खंती निवासी बदमाश इमरान उर्फ इम्मो पर पांच मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने कुछ समय पहले ही इमरान को जिला बदर किया था। मंगलवार रात दस बजे सूचना मिली कि इमरान अपने मोहल्ले में देखा गया है। इस पर ठाकुरगंज थाने की पुलिस टीम ने इकबालनगर पहुंचकर उसे पकड़ने का प्रयास किया तो मोहल्ले के लोगों ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया। हंगामा व अभद्रता केे साथ ही लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। हालांकि सूचना पाकर इंस्पेक्टर हरिशंकर चंद भारी पुलिस बल लेकर पहुंच गए और लाठियां फटकार कर लोगों को खदेड़ने के साथ ही इमरान को दबोच लिया गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि पुलिस टीम पर हमला करने वाले लोगों को चिह्नित करके गिरफ्तारी की जाएगी।