आलमबाग के सरदारीखेड़ा में बृहस्पतिवार रात को लेसा के अवर अभियंता अपनी टीम के साथ गश्त कर रहे थे। इस दौरान टीम ने कई इलाके में वीडियोग्राफी की। इसकी जानकारी होने पर देर रात को पेट्रोलिंग टीम पर कुछ लोगों ने हमला बोल दिया। लोगों ने टीम पर पत्थर फेंके। वहीं अवर अभियंता का मोबाइल लूट लिया। वारदात के दौरान कई कर्मचारी चोटिल हो गए, कुछ के सिर भी फट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हमलावरों को खदेड़ दिया। उधर, देर रात अवर अभियंता की तहरीर पर आलमबाग थाने में चार नामजद सहित 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक आलमबाग अनूप सिंह के मुताबिक बृहस्पतिवार रात में करीब 10.30 बजे लेसा के चंदननगर सबस्टेशन पर तैनात अवर अभियंता रामकैलाश यादव व उपखंड अधिकारी आशीष श्रीवास्तव अपनी टीम के साथ भिलावां व सरदारीखेड़ा इलाके में पेट्रोलिंग कर रहे थे। इसी दौरान सानू, वाहिद, शाहिल व शफीकुल ने अपने 10-12 साथियों के साथ रामकैलाश यादव पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। उनका मोबाइल लूट लिया। इनके खिलाफ सरकारी काम में बाधा, टीम पर हमला करने, बलवा व लूटपाट की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह के मुताबिक आसपास के इलाके के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे है। लेसा टीम से वारदात केदौरान बनाई गई वीडियो भी मांगी गई है।
बिजली अभियंताओं ने किया प्रदर्शन
राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन ने हमले के विरोध में प्रदर्शन किया। अभियंताओं ने कहा कि अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। 24 घंटे के अंदर गिरफ्तारियां नहीं होने पर आंदोलन होगा।