सिपाही व होमगार्ड पर हमला, वर्दी फाड़ी, पथराव कर भागे देवर-भाभी
लखनऊ। पारा की कांशीराम कॉलोनी में शुक्रवार देर रात ड्यूटी पर तैनात सिपाही और होमगार्ड के साथ मारपीट, गाली-गलौज और पथराव की घटना सामने आई है। पीआरवी (6370) पर तैनात सिपाही माजिद अली और होमगार्ड सचिन त्रिपाठी मौके पर पहुंचे थे, जहां स्थानीय निवासी उमेश और उसकी भाभी ने उन पर हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार, रात 10:30 बजे उमेश नाम के व्यक्ति ने 112 नंबर पर कॉल कर युवक और युवती के झगड़े की सूचना दी थी। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो युवक भाग गया जबकि युवती को उमेश ने रोक लिया। युवती की मां के पहुंचने पर मामला शांत कराने की कोशिश की गई, लेकिन उमेश ने मौके पर कार्रवाई की मांग की। सिपाही द्वारा लिखित शिकायत की सलाह देने पर उमेश और उसकी भाभी भड़क उठे और अभद्रता करने लगे।
हमले में सिपाही माजिद अली की अंगुली पर दांत से काटने का घाव हो गया। आरोपियों ने दोनों की वर्दी फाड़ दी और पथराव भी किया। किसी तरह खुद को बचाते हुए पुलिसकर्मियों ने थाने पर सूचना दी। पुलिस बल के पहुंचने तक आरोपी भाग चुके थे। सिपाही माजिद अली की तहरीर पर पारा थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है।