यूपी एटीएस ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक बार फिर आतंकी नेटवर्क की तह तक पहुंचने की मशक्कत शुरू कर दी है। एनआईए की एक टीम भी जल्द ही यहां पड़ताल के लिए आएगी।
एनआईए ने दो दिन पहले केरल के तिरुवनंतपुरम से आतंकी संगठन लश्कर-ए-तोएबा व इंडियन मुजाहिदीन से जुड़े दो लोगों को गिरफ्तार किया था। इन दोनों की बंगलूरू में 2008 में हुए विस्फोट के मामले में तलाश थी।
एनआईए ने रॉ के जरिए इनके लिए रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी कराया हुआ था। पकड़े गए दोनों आरोपी खाड़ी देश में छिपे हुए थे। वे रियाद से केरल पहुंचे थे जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। इनमें से गुल नवाज यूपी के सहारनपुर का रहने वाला है जबकि शोएब केरल का निवासी है। इनके लौटने के साथ ही यह सवाल भी खड़ा हो गया है कि इनकी मंशा क्या है।
एनआईए भी उनसे यही जानने की कोशिश कर रही है। उसने यूपी एटीएस से भी आतंकियों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी साझा की है। इसी के मद्देनजर एटीएस ने पश्चिमी यूपी के जिलों में आतंकी नेटवर्क तलाशने की कोशिश शुरू कर दी है। एटीएस के सूत्रों का कहना है कि इनका पता लगाने के लिए एनआईए की एक टीम भी जल्द ही सहारनपुर व समीपवर्ती जिलों में आएगी।