लखनऊ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधि मंडल ने शनिवार को सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में छात्रों की ऑनलाइन उपस्थिति के मुद्दे पर शिक्षा निदेशक से मुलाकात की। संगठन के मुताबिक शिक्षा निदेशक ने इस पर पुनर्विचार का आश्वासन दिया है। 11 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल में शिक्षक संघ के अध्यक्ष सुरेश कुमार त्रिपाठी, प्रादेशिक उपाध्यक्ष और प्रवक्ता डॉ. आरपी मिश्र, महामंत्री नरेंद्र कुमार वर्मा, लखनऊ के कोषाध्यक्ष आरपी सिंह, जालौन के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह राणा शामिल थे। शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव ने उनसे मुलाकात की। संगठन के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. आरपी मिश्र ने बताया कि शिक्षा निदेशक से शासनादेश में की गई व्यवस्था के अनुसार ऑफलाइन स्थानांतरण भी किए जाने की मांग की गई। इस पर शिक्षा निदेशक ने कार्यवाही का भरोसा दिया।