बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में 69000 सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा में कटऑफ को लेकर उच्च न्यायालय की खंडपीठ का फैसला आने के बाद परीक्षा में शामिल हुए चार लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने राहत महूसस की है।
इन्हें बीते 15 महीने से परिणाम जारी होने का इंतजार था, जो अब जल्द घोषित होगा। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थी 150 पूर्णांक में से 90 अंक और सामान्य वर्ग के अभ्यर्थी 97.5 पूर्णांक प्राप्त करने पर उतीर्ण घोषित किए जाएंगे।
बेसिक शिक्षा विभाग की अपर मुख्य सचिव रेणुका कुमार ने बताया कि सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा की उतर कुंजी तैयार है। उतर कुंजी पर मिली आपतियों का निस्तारण कर दिया गया है। आगामी दो-तीन दिन में संशोधित उतरकुंजी अपलोड की जाएगी।
प्राथमिक स्कूलों में हो जाएगी शिक्षकों की कमी दूर
प्रदेश में 69,000 सहायक अध्यापकों की नियुक्ति के बाद प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर हो जाएगी। साथ ही यूपी देश का पहला ऐसा राज्य बन जाएगा जहां शिक्षक-छात्र अनुपात 1:25 होगा। जबकि देश में मौजूदा समय में शिक्षक-छात्रों का निर्धारित अनुपात 1:30 और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 1:35 है।