आरोप-प्रत्यारोप के बीच सपा सदस्य, अध्यक्ष के सामने आकर नारेबाजी करने लगे। मना करने के बाद भी नारेबाजी करते रहने पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सपा विधायक अतुल प्रधान को पूरे सत्र के लिए निष्कासित कर दिया।
सपा विधायक अतुल प्रधान को विधानसभा सत्र से निष्कासित करने के बाद यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि चाहे कोई भी हो विधानसभा की गरिमा बरकरार रखनी चाहिए। विधानसभा अध्यक्ष ने गुरुवार को पत्रकारों के सवालों के जवाब देते हुए यह बात कही।
विधानमंडल के शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन विधानसभा में स्वास्थ्य व्यवस्था के मुद्दे पर सत्तापक्ष व विपक्ष में तीखी नोक झोंक हुई। सपा सदस्यों ने उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक पर निशाना साधा तो उन्होंने भी करारा जवाब दिया। आरोप-प्रत्यारोप के बीच सपा सदस्य अध्यक्ष के आसन के सामने आकर नारेबाजी करने लगे। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के खिलाफ असंसदीय नारे भी लगाने लगे। मना करने के बाद भी नारेबाजी करते रहने पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सपा विधायक अतुल प्रधान को पूरे सत्र के लिए निष्कासित कर दिया। अध्यक्ष के आदेश पर मार्शल विधायक को उठाकर सदन से बाहर ले गए।