थाई बाक्सिंग में गोल्ड लाने वाले आशुतोष को किट प्रदान करते श्रावस्ती विधायक व डीएम।
श्रावस्ती। एशियन थाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक विजेता आशुतोष त्रिपाठी को बुधवार कलेक्ट्रेट में श्रावस्ती विधायक रामफेरन पांडेय व डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने किट देकर सम्मानित किया। उन्हें खेल की दुनिया में और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
गोवा में 16 नवंबर को आयोजित एशियन थाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप में इकौना निवासी आशुतोष त्रिपाठी ने स्वर्ण पदक जीता था। इन्हें श्रावस्ती विधायक ने डीएम के साथ मिलकर अपने स्वनिधि से 80 हजार रुपये की खेल सामग्री देकर सम्मानित किया। विधायक ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि प्रत्येक स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।
इससे युवाओं को खेल के प्रति जागरूक कर खेल को बढ़ावा दिया जा सके। जिले के खिलाड़ी आशुतोष त्रिपाठी ने थाई बाॅक्सिंग प्रतियोगिता में सराहनीय कार्य किया है। इससे जिले का नाम पूरे देश में रोशन हुआ है। डीएम ने कहा कि यह जिले के लिए हर्ष की बात है और आगे भी ऐसे खेलों में बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम पूरे देश व विदेश में रोशन करें।
आगे भी खेल से संबंधित मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। इससे जिले के खिलाड़ी जिले स्तर से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना परचम लहरा सकें। इस दौरान जिला क्रीड़ाधिकारी शिवकुमार यादव, आशुतोष पांडेय सहित अन्य मौजूद रहे।