बलरामपुर अस्पताल के नवनिर्मित चार मंजिला सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक का कुछ हिस्सा अवैध निर्माण के चलते ढहाया जा सकता है।
इस संबंध में भारतीय पुरातत्व विभाग की लखनऊ इकाई ने अस्पताल प्रशासन और भवन का निर्माण कराने वाले राजकीय निर्माण निगम को नोटिस भेजकर जवाब-तलब किया है।
अस्पताल प्रशासन ने राजकीय निर्माण निगम को नोटिस मिलने की सूचना दे दी है। जानकारी के मुताबिक, अस्पताल के इस नए ब्लॉक के लिए पुरातत्व विभाग ने करीब 45 फीट की ऊंचाई तय की थी।
लेकिन तय मानकों के आधार पर भवन की ऊंचाई अधिक हो गई है। इसके अलावा भवन के चारों तरफ छज्जे भी बिना किसी सूचना और नक्शे के बनाए गए हैं।
जिसको लेकर भारतीय पुरातत्व विभाग की लखनऊ इकाई ने आपत्ति दर्ज कराते हुए शनिवार को अस्पताल प्रशासन को नोटिस भेजा है।
अस्पताल के अधिकारियों की मानें तो नोटिस के हिसाब से अगर नवनिर्मित भवन में तोड़फोड़ की गई तो काफी नुकसान होगा और मरीजों के इलाज में भी बाधा हो सकती है।
32 करोड़ की लागत से बने बलरामपुर अस्पताल के सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक का निर्माण सपा सरकार का ड्रीम प्रोजेक्ट था।