प्रदेश के 77 आश्रम पद्धति स्कूलों के 755 संविदा शिक्षक जल्द नियमित होंगे। आश्रम पद्धति इंटर कॉलेज शिक्षण कल्याण समिति के रविवार को हुए दूसरे प्रांतीय सम्मेलन में समाज कल्याण मंत्री अवधेश प्रसाद ने इसके संकेत दिए। भागीदारी भवन में हुए आयोजित सम्मेलन में ही उन्होंने संगठन के मांगपत्र पर हस्ताक्षर कर अग्रिम कार्यवाही के लिए निदेशक समाज कल्याण विभाग को अग्रसारित किया।
आश्रम पद्धति विद्यालयों में संविदा शिक्षकों को 11 महीने 29 दिन का सेवा विस्तार दिया जाता है। लंबे समय से ये शिक्षक नियमित करने व वेतन बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। मंत्री के निर्देश के बाद विभाग के निदेशक सुरेंद्र विक्रम ने शिक्षकों को बताया कि वे अब खुद को संविदा पर न समझें।
इस वर्ष से उनकी सर्विस बुक बनाने का काम भी शुरू कर दिया गया है। सभी जिला अधिकारियों को इसके निर्देश भेजे गए हैं। अब वे जितने भी अवकाश लेंगे उसका पूरा ब्यौरा रखा जाएगा। इसी वर्ष से सभी शिक्षकों को प्रत्येक माह उनके वेतन का भुगतान होगा। इन विद्यालयों को नवोदय विद्यालय की तर्ज पर संचालित करने का प्रयास किया जा रहा है।