मोहनलालगंज। उ.प्र. सहकारी ग्राम विकास बैंक मोहनलालगंज शाखा के अध्यक्ष पद पर बृहस्पतिवार को भाजपा प्रत्याशी अशोक तिवारी निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए। निर्वाचन अधिकारी तहसीलदार ऋतुराज शुक्ला ने दो निर्दलीय उम्मीदवारों के नामांकन वापस लिए जाने के बाद परिणाम की घोषणा करते हुए प्रमाणपत्र दिया।
इस मौके पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष अशोक तिवारी ने सभी सहयोगियों, पार्टी नेतृत्व और क्षेत्रवासियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि किसानों, ग्रामीणों और बैंक से जुड़े सभी हितग्राहियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। साथ ही सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर के नेतृत्व में बैंक की वित्तीय स्थिति को और मजबूत करने तथा ऋण वितरण प्रक्रिया तथा लघु एवं सीमांत कृषकों को छह प्रतिशत ब्याज पर ऋण वितरण किया जाएगा, जिसकी घोषणा मुख्यमंत्री की ओर से की गई है। इसके पहले भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को फूल-मालाओं से लाद दिया और मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की।