रायबरेली। एनटीपीसी ऊंचाहार से निकलने वाली राख के निस्तारण में लापरवाही व ओवरलोडिंग को लेकर विधानसभा में मामला उठने के बाद अधिकारी सक्रिय हो गए हैं। मामले की जांच के लिए बुधवार को परिवहन विभाग के अधिकारियों की टीम पहुंची।
उप परिवहन आयुक्त सुरेंद्र कुमार और आरटीओ (प्रवर्तन) लखनऊ संदीप कुमार पंकज ने ऊंचाहार पहुंचकर जांच की। राख के निस्तारण के साथ ही ओवरलोडिंग को पकड़ने के लिए कई वाहनों की चेकिंग भी की। जांच के बाद अधिकारियों ने एनटीपीसी प्रशासन को राख के उचित निस्तारण के निर्देश दिए।
ऊंचाहार के विधायक व मुख्य सचेतक डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने एनटीपीसी की राख के निस्तारण और ओवरलोडिंग का मामला विधानसभा में उठाया था। शासन की मंशा पर बुधवार को परिवहन विभाग के अधिकारियों की टीम एनटीपीसी ऊंचाहार पहुंची। राख के साथ ही परिसर में भी व्यवस्थाओं को जांचा। राख के निस्तारण की प्रक्रिया में भी खामियों को खंगाला। राख लादकर बाहर निकलने वाले ट्रकों की तौल गेट पर ही करवाने की प्रक्रिया भी जल्द ही शुरू कराने के निर्देश दिए गए।
जांच के दौरान एनटीपीसी से राख लेकर बाहर निकले ट्रकों को रोककर चेकिंग की। हालांकि, ओवरलोडिंग नहीं मिली। एनटीपीसी के अधिकारियों से राख के नियमित निस्तारण को लेकर जानकारी भी ली गई। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को राख के उचित निस्तारण के कड़े निर्देश देने के साथ ही गेट पर ही वाहनों की चेकिंग की प्रक्रिया जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए। जांच के दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व पूजा मिश्रा व अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
विधानसभा में मामला उठाने के बाद उप परिवहन आयुक्त के साथ एनटीपीसी पहुंचकर जांच की। पूरी व्यवस्था को देखा गया। कई ट्रकों को रोककर चेकिंग की गई। गेट पर चेकिंग के बाद ट्रकों को बाहर जाने की व्यवस्था के साथ ही राख के उचित निस्तारण के निर्देश दिए गए। शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
संदीप कुमार पंकज, आरटीओ (प्रवर्तन) लखनऊ