फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अरविंद केजरीवाल नहीं देंगे पद से इस्तीफाः संजय सिंह

Wed, 04 Mar 2015 10:26 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला,लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
आम आदमी पार्टी (आप) के प्रवक्ता संजय सिंह ने कहा कि यूपी में पहले हम अपना संगठन मजबूत करेंगे, इसके बाद ही चुनाव लड़ने पर विचार किया जाएगा। छह महीने में पार्टी गांव, बूथ, वार्ड व जिला सभी स्तर पर संगठन खड़ा करेगी। किसानों, नौजवानों, मजदूरों व महिलाओं के मुद्दों पर सड़कों पर संघर्ष किया जाएगा।
विज्ञापन


संजय सिंह मंगलवार को यहां स्वराज मार्च निकालने के बाद पत्रकारों से मुखातिब थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सत्ता व अपराधियों का गठजोड़ चल रहा है। कानून-व्यवस्था का हाल खराब है। बिजली का भारी संकट है। अस्पतालों की हालत खराब है। शिक्षा का भी बुरा हाल है।

सड़कों की हालत खस्ता है। गन्ना किसानों का बकाया भुगतान नहीं हो रहा। नौजवानों के पास रोजगार नहीं है। इन्हीं सब मुद्दों को लेकर पार्टी आम जनता की आवाज सड़कों पर बुलंद करेगी। यूपी में 2017 का चुनाव लड़ने के प्रश्न पर उन्होंने कहा, यह फैसला पार्टी करेगी।
विज्ञापन

दिल्ली की बैठक में आज उठेगा अनुशासन का मुद्दा

बुधवार को दिल्ली में होने जा रही राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी के भीतर अनुशासन का मुद्दा जोर-शोर से उठेगा। राष्ट्रीय प्रवक्ता ने बताया कि पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रशांत भूषण ने ‘वन मैन वन पोस्ट’ का मुद्दा उठाया है।

उन्होंने कहा है कि अरविंद केजरीवाल को राष्ट्रीय संयोजक पद से इस्तीफा दे देना चाहिए, जबकि 26 फरवरी को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में सर्वसम्मति से फैसला हुआ था कि केजरीवाल राष्ट्रीय संयोजक पद पर बने रहेंगे।

इसके बावजूद न सिर्फ चिट्ठी लिखी जा रही है बल्कि उन्हें मीडिया में लीक भी किया जा रहा है। ऐसे लोगों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई होनी चाहिए। हालांकि तबीयत खराब होने के कारण केजरीवाल बुधवार की बैठक में अनुपस्थित रह सकते हैं।
विज्ञापन

बीजेपी अब हो गई भारतीय जुमला पार्टी

संजय केंद्र सरकार पर भी जमकर बरसे। कहा, नौ महीने में ही जनता ने भाजपा व मोदी का अहंकार तोड़ दिया। भाजपा ने जनता से केवल कोरे वादे किए हैं। इसलिए अब इसका नाम भारतीय जुमला पार्टी हो गया है। आम बजट से साफ हो गया है कि केंद्र सरकार महंगाई घटाने के बजाय बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है।

दिल्ली में जीत के बाद पहली बार लखनऊ आए संजय सिंह ने मंगलवार को स्वराज मार्च निकाला। सबसे पहले चारबाग में रवींद्रालय तक वे ऑटो रिक्शा वालों के साथ आए।

इसके बाद ‘दिल्ली में दिखाया दम...आ गए हैं यूपी हम...’ नारों के साथ आप के कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में केकेसी, हुसैनगंज, बर्लिंग्टन चौराहा, विधानसभा मार्ग, हजरतगंज होते हुए सप्रू मार्ग स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें