आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस लेगा आईटीआई छात्रों की परीक्षा
लखनऊ। आईटीआई के छात्र अब सिर्फ वायरिंग, मशीनिंग और टूल्स तक सीमित नहीं रहेंगे... इस बार उनकी परीक्षा लेगा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस! जी हां, राजधानी के अलीगंज और चारबाग राजकीय आईटीआई में होने वाली वार्षिक परीक्षाएं इस बार तकनीक की नई उड़ान भरने जा रही हैं। 31 जुलाई से शुरू हो रही इन परीक्षाओं में छात्र कंप्यूटर पर बैठकर न सिर्फ अपने कोर्स से जुड़े सवाल हल करेंगे, बल्कि एआई जैसे आधुनिक विषयों के सवालों से भी दो-दो हाथ करेंगे।
चारबाग आईटीआई के प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार बताते हैं, अब उद्योगों की मांग बदल रही है। इसलिए हमने पढ़ाई के दौरान ही छात्रों को नई तकनीकों से जोड़ा। प्रस्तावित वार्षिक परीक्षा में इस बार नए सवाल शामिल हो सकते हैं। इसलिए विद्यार्थी संबंधित पाठ्यक्रम के साथ ही नई तकनीक के बारे में पढ़ कर आएं।
अलीगंज और चारबाग, दोनों में बजेंगी परीक्षा की घंटियां ः पिछले साल सीबीटी (कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट) का स्वाद सिर्फ अलीगंज आईटीआई के छात्रों ने चखा था। लेकिन इस बार चारबाग आईटीआई को भी सेंटर बनाया गया है। अलीगंज राजकीय आईटीआई के प्रधानाचार्य राजकुमार यादव ने बताया कि इन दोनों संस्थानों में मिलाकर राजधानी के 11,500 से ज्यादा छात्र तीन पालियों में परीक्षा देंगे। प्रदेश में सोमवार से आईटीआई की ऑनलाइन शुरू हो गई हैं।
जानिए परीक्षा का पूरा शेड्यूल
शुरुआत: 31 जुलाई, अंतिम दिन: 20 अगस्त।
पाली: सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक तीन शिफ्ट।
छात्र संख्या: अलीगंज में 7,441 और चारबाग में 4,282 परीक्षार्थी।
परीक्षा का माध्यम: पूरी तरह ऑनलाइन, सीसीटीवी निगरानी में।