लखनऊ। हीट वेव से यात्रियों को बचाने के लिए परिवहन निगम बसों से लेकर स्टेशनों तक पर इंतजाम करेगा। इसके लिए मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये एमडी मासूम अली सरवर ने प्रदेशभर के अधिकारियों के साथ बैठक की।
उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए रोडवेज के अधिकारी अपनी सभी बसों में 13 बिंदु और 31 बिंदु के निर्देश का पालन कराएंगे। वातानुकूलित बसों में पर्दे बढ़ाए जाएंगे। अग्निशमन यंत्र क्रियाशील रहें, इसके लिए समय से सभी कर्मचारियों और चालक-परिचालकों को प्रशिक्षण दिया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी बस स्टेशनों पर वाटर कूलर क्रियाशील रहें और उनकी सफाई भी समय-समय पर हो। यात्रियों के बैठने के लिए बेंच की सुविधा के साथ शेड दुरुस्त करा लिए जाएं। सभी अधिकारी सीएमओ से ओआरएस पैकेट लेकर अपने अधीनस्थ कर्मचारियों और स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को उपलब्ध कराएं, जिससे अधिक गर्मी में उनका बचाव हो सके।