लखनऊ। कुछ कर गुजरने का जज्बा लिए कड़ाके की ठंड में सुबह पांच बजे हाथों में एडमिट कार्ड लेकर बेटियां कतारों में लगी थीं। अभिभावक भी मौजूद थे। बारी-बारी से सभी की कोरोना रिपोर्ट की जांच की गई, जिन्होंने जांच नहीं करवाई उनका मौके पर ही टेस्ट किया गया। थर्मल स्क्रीनिंग हुई और फिर एक-एक कर उनको प्रवेश दिया गया। अभिभावक बहार दीवार से अंदर जाती बेटियों को तब तक देखते रहे, जब तक वे नजरों से ओझल नहीं हो गई। अंदर खुले मैदान में अभ्यर्थियों को बैठाया गया। ग्रुप बनाए गए। कुछ लड़कियों ने दौड़ने से पहले वार्म अप भी किया। जब दौड़ शुरू हुई तो बेटियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी, जो पास हुईं, उन्होंने लॉन्ग व हाई जंप में दमखम दिखाया।
कुछ ऐसा ही नजारा सोमवार को छावनी के आर्मी मेडिकल सेंटर एंड कॉलेज (एएमसी) स्टेडियम में देखने को मिला, जहां महिला सेना पुलिस भर्ती रैली का शुभारंभ हुआ। यह दूसरे बैच की भर्ती रैली है। इससे पूर्व महिला सैन्य पुलिस के पहले बैच का फिजिकल टेस्ट भी एएमसी सेंटर में हुआ था। रैली में उत्तर प्रदेश के 75 जिले और उत्तराखंड के 15 जिले शामिल हो रहे हैं। कुल 5898 महिला अभ्यर्थियों का चयन हुआ है, जिसमें 350 महिला अभ्यर्थी उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों की हैं। पहले दिन अमेठी, अंबेडकरनगर, प्रयागराज, बस्ती, कुशीनगर, कौशांबी, महाराजगंज, प्रतापगढ़, रायबरेली, सुल्तानपुर, संतकबीर नगर, सिद्धार्थ नगर, अयोध्या, मैनपुरी, एटा, इटावा, झांसी, जालौन, ललितपुर, आगरा, अलीगढ़, फिरोजाबाद, हाथरस, कासगंज और मथुरा की अभ्यर्थी शामिल हुईं।
एडीजी रिक्रूटमेंट एनएस राजपुरोहित ने बताया कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड राज्यों की इस भर्ती प्रक्रिया के लिए पहले से ही तैयारी की गई थी। 8000 अभ्यर्थियों में से 5898 शॉर्टलिस्ट किए गए हैं। पहले दिन 1969 को बुलावा भेजा गया था जिसमें से 666 अभ्यर्थी दौड़ में शामिल हुईं। इनमें से 70 ने शारीरिक दक्षता परीक्षा पास की। भर्ती में 75 जिले उत्तर प्रदेश के और 15 जिले उत्तराखंड के शामिल हैं। पहले दिन 25 जिलों की अभ्यर्थी शामिल हुईं।
महिला सैन्य भर्ती रैली में सबसे पहले बालिकाओं की थर्मल स्क्रीनिंग कर एएमसी सेंटर के स्टेडियम में लाया गया। इसके बाद स्टेडियम में 1.6 किलोमीटर की दौड़ हुई, जिसमें स्टेडियम ग्राउंड के चार चक्कर लगवाए गए, जिसके लिए साढ़े सात मिनट मिले। दौड़ में पास बेटियों की बायोमेट्रिक जांच, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन कर अगले चरण में 10 फिट की लॉन्ग जंप के लिए भेजा गया। इसमें पास होने वाली लड़कियों को 3 फिट की हाई जंप करवाई गई, जिसमें पास बालिकाओं का मेडिकल टेस्ट करवाया जाएगा और फिर लिखित परीक्षा होगी।
70 की मौके पर हुई कोरोना की जांच
सैन्य प्रशासन की ओर से अभ्यर्थियों को स्पष्ट रूप से बताया गया था कि महिला सैन्य भर्ती रैली में शामिल होने वाली अभ्यर्थी आने से पहले कोविड टेस्ट करवा लें। उसकी रिपोर्ट साथ लानी अनिवार्य थी। बावजूद, इसके तमाम अभ्यर्थी बगैर कोरोना जांच के ही मौके पर पहुंच गईं थीं, उनके लिए सेना की ओर से कोरोना जांच की व्यवस्था की गई थी। कुल 70 प्रतिभागियों की मौके पर जांच की गई, जिनकी रिपोर्ट नेगेटिव मिली। इसके अलावा सभी अभ्यथियों की थर्मल स्क्रैनिंग भी करवाई गई।
19 जनवरी को इन जिलों की भर्ती
मंगलवार को औरैया, बाराबंकी, कन्नौज, गोंडा, बांदा, हमीरपुर, फतेहपुर, कानपुर नगर, लखनऊ, उन्नाव, कानपुर देहात, महोबा, बागपत, बिजनौर, मेरठ, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, शाहजहांपुर, शामली, अमरोहा, बुलंदशहर, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, रामपुर और हापुड़ की अभ्यर्थी शामिल होंगी।
20 जनवरी को शामिल होंगे ये जिले
उत्तराखंड के अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल, उधमसिंह नगर, चमोली, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल, उत्तरकाशी, चंपावत, पिथौरागढ़, जौनपुर, सोनभद्र, वाराणसी, गाजीपुर, संत रविदास नगर, मिर्जापुर, चंदौली, आजमगढ़, गोरखपुर, मऊ, देवरिया, बलिया, बरेली, बदायूं, संभल, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, फर्रुखाबाद, बलरामपुर, हरदोई, सीतापुर और बहराइच।
लखनऊ। सेना में महिला पुलिस की खुली भर्ती में शारीरिक दक्षता परीक्षा देती अभ्यर्थी।- फोटो : LKO CITY