शतरंज प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी पुरस्कारों के साथ
लखनऊ। शहर के वरिष्ठ खिलाड़ी आरिफ अली ने सीसीबीडब्लू चेस ओपन टूर्नामेंट की ट्रॉफी शानदार प्रदर्शन के साथ जीत ली। चेस क्लब ब्लैक एंड व्हाइट
(सीसीबीडब्लू-लखनऊ) की ओर से आयोजित टूर्नामेंट में सातवें व अंतिम राउंडके बाद आरिफ अली सर्वाधिक 6.5 के साथ शीर्ष पर रहे। इस वर्ग में पवन बाथम ने सईद अहमद से ड्रॉ खेला। दोनों ही खिलाड़ी समान छह-छह अंक के साथ
संयुक्त दूसरे स्थान पर रहे। हालांकि सईद अहमद ने सीनियर सिटीजन ट्रॉफी
अपने नाम कर ली। दूसरी ओर आरव गर्ग, अभिज्ञान कटियार और सीनियर कोच मयंक
पांडेय ने पांच-पांच अंकों के साथ संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा सुर्खियां आदि सक्सेना को मिली, जिन्होंने आक्रामक खेल दिखाते हुए 6.5 अंकों के साथ जूनियर वर्ग का खिताब जीता। इस वर्ग में वेदांत मिश्रा 6 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। समापन समारोह में मुख्य अतिथि फिटनेस एवं स्पोर्ट्स मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. सरनजीत सिंह ने विजेताओं को पुरस्कृत किया।