बीच सड़क खड़े ई रिक्शे और लगा जाम।
लखनऊ। ई-रिक्शा के मनमाने स्टैंड और वाहनों की बेतरतीब पार्किंग से बालागंज चौराहे की यातायात व्यवस्था फेल और जिंदगी जाम में अटक रही है। पटरी दुकानदारों का अतिक्रमण भी जाम का कारण है। इससे वाहन चालक और पैदल राहगीरों को पूरे दिन दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
जाम की सबसे अधिक समस्या कैंपवेल रोड पर रहती है। चौराहे से मुड़ते ही वाहन चालक और पैदल राहगीर अटक जाते हैं। करीब 200 मीटर के दायरे में रेंगकर ही आगे बढ़ना होता है। इस रोड पर चौराहे के समीप ही ई-रिक्शा चालकों का मनमाना स्टैंड दिखता है।
सोमवार दोपहर 12:30 बजे बालागंज चौराहे से कैंपवेल मार्ग पर मुड़ते ही कई ई-रिक्शा चालक सवारियां उतारते और बैठाते दिखे। लोग जाम में फंसे थे, लेकिन ई-रिक्शा चालक बेपरवाह नजर आए। दुबग्गा जाने वाले मार्ग पर तो ई-रिक्शा चालक बीच चौराहे पर ही सवारियां बैठाते दिखे। तीन से चार ई-रिक्शा चौराहे पर ही खड़े थे। यह मनमानी चौक की ओर से आने वाले ई-रिक्शा चालकों में भी दिखी।
बीच सड़क खड़े ई रिक्शे और लगा जाम।