आधा अप्रैल बीतने के साथ ही दोपहर की तपन के साथ पारा फिर 40 डिग्री की ओर बढ़ चला है। तपती धूप में हवा के झोंकों के बावजूद पारे के तीखे तेवरों ने बृहस्पतिवार को 40 के आंकड़े को पार करने की भरपूर कोशिश की।
दिन का अधिकतम पारा सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक 39.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। दिन के अधिकतम पारे के अलावा दिन के न्यूनतम पारे ने भी तेवर दिखाए। ये भी सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक 24 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
दिन में रुक-रुक कर चल रहे अंधड़ों ने तपन का अहसास बीच-बीच में कम कराया तो सड़कों पर दिखे लोग धूप से बचने के इंतजामों से लैस दिखे। शाम को हवा के झोंकों ने मामूली राहत दी। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानियों ने बताया कि चूंकि आसमान साफ है और ड्राई वेदर कंडीशन एक्टिव हैं, इसीलिये पारा अब चढ़ेगा।
आने वाले दिनों में ये सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रिकॉर्ड होगा। दिन का अधिकतम पारा 41 डिग्री के आसपास तक दर्ज हो सकता है।