केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जीवन के चार विद्यालय, गर्भ विद्यालय, गोद विद्यालय, परिवार विद्यालय और शिक्षा विद्यालय प्रमुख हैं। चार में तीन विद्यालय तो सिर्फ नारी के ही अधीन है। चौथे शिक्षा विद्यालय में भी महिलाओं की श्रेष्ठता साबित हो चुकी है। नारी वह शक्ति है जो व्यक्ति के जीवन की दिशा तय करती है। जीजाबाई ने गोद में ही दूध से अपने पुत्र में संस्कार दिए। विद्यावती ने अपने दूध के बल पर भगत सिंह को हंसते हंसते फांसी पर चढ़ने का साहस दिया था।
जो कोसते थे, वही स्वागत में खड़े थे
उन्होंने कहा कि 14 वर्ष की आयु में जब वह संन्यास लेने घर से निकली थीं तब पूरे गांव ने उनके परिवार को कोसा था। पूरे गांव ने परिवार से कहा था, ‘तुम्हारी बेटी तो पूरे गांव की नाक कटाकर साधु हो गई। पर, उसी गांव में जब मैं विधायक बनकर पहुंची तो पूरा गांव स्वागत के लिए आ गया।’ उन्हें एहसास हुआ कि गांव की बेटी ने कुछ मुकाम हासिल किया है। कहा कि बेटियां काबिलियत हासिल कर जवाब देने का साहस पैदा करें। कहा कि वे 14 वर्ष की आयु से संन्यासी हैं। आज तक एक व्यक्ति ने गलत निगाह उठाकर देखने की हिम्मत नहीं की।
कैकई के रूप में भी वंदनीय
साध्वी ने कहा कि बेटियों को तो कैकई के चरित्र पर भी गर्व करना चाहिए। जिन्हें इतिहास याद होगा तो उन्हें पता होगा कि युद्ध के समय राजा दशरथ के रथ के पहिये की कील निकलने पर कैकई ने ही अपनी अंगुली लगाकर रथ का पहिया रोका था। तभी राजा दशरथ युद्ध जीत पाए थे।
मन के जीते जीत है
उन्होंने कहा कि मनुष्य काम करने से नहीं थकता। मन से थकता है। कहा, ‘मेरे पिता मजदूरी करते थे और कोई राजनीतिक पृष्ठभूमि नहीं थी। पर, अपने मन को मजबूत कर लगातार मेहनत और प्रयास से मैं आज केंद्र में मंत्री तक पहुंच गई।’ कहा कि मनुष्य के जीवन में उसका मन ही बाधा है। मन कमजोर पड़ गया तो अच्छे खासे रास्ते से विचलित हो सकते है। कहा कि आगे बढ़ने में गरीबी और समाज कहीं बाधक नहीं है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल
- फोटो : amar ujala
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा, अपराजिता अमर उजाला की बेहतरीन पहल है। हम नारी शक्ति को प्रणाम करते हैं। हमारे मंत्रिमंडल में ज्यादातर काम महिलाएं ही संभाल रही हैं। आप ज्यादा दूर न जाएं हमारे देश की रक्षा मंत्री भी एक महिला है, निर्मला सीतारमण ने वह कर दिखाया है जो पुरुष नहीं कर पाए। उन्होंने पाकिस्तान को उसी की भाषा में दिया।
बेटियां शिक्षित हो इसके लिए बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ अभियान चलाया गया। हमने खुले में शौच को बंद करने के लिए शौचालयों का निर्माण कराया। मैटरनिटी लीव की अवधि बढ़ाई गई। लक्षय अभियान से मां और शिशु दोनों के स्वास्थ्य में सुधार लाया गया है। सरकार ने अपने प्रयासों से यह सुनिश्चित किया कि महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार हो। महिलाओं को अस्तित्व से प्यार करना सीखना होगा। महिलाओं को अपनी शक्ति को दुनिया को दिखाना होगा।
उन्होंने कहा कि मैं अपने दिल में महसूस करती हूं, मजबूत महिलाएं एक दूसरे का सहारा बनती हैं। एक आदमी कामयाब होता है तो कहा जाता है कि वह काबिल है। वहीं औरत कामयाब होती है तो कहा जाता है कि कुछ तो कारण होगा। यह मानसिकता हमे बदलनी होगी। कभी भी किसी लड़की की जिंदगी आसान नहीं होती। बेटियों को तो खूब समझाते हैं पर लड़कों को समझाना भूल जाते हैं।