राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक संपन्न हुई। वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने शुक्रवार को कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि नोएडा से ग्रेटर नोएडा में यातायात को और सुगम बनाने के लिए 17.435 किमी लंबी एक्वा मेट्रो लाइन को स्वीकृत किया गया है।
प्रदेश में निजी विश्वविद्यालयों को संचालन में प्रोत्साहन दिया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को कैबिनेट ने बिजनौर में निजी क्षेत्र के विवेक विश्वविद्यालय के संचालन को अनुमति दे दी है। इसके लिए उच्च शिक्षा विभाग की ओर से संचालन प्राधिकार पत्र जारी करने पर कैबिनेट ने सहमति दी है।
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि इससे प्रदेश में एक और निजी विवि का संचालन शुरू होगा। इससे स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिलेगा। सरकारी विश्वविद्यालयों की भी गुणवत्ता बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में ढ़ाई साल में सर्वाधिक विश्वविद्यालयों को राष्ट्रीय स्तर की ग्रेडिंग मिली है। प्रदेश के सात सरकारी विश्वविद्यालयों को एक प्लस प्लस, चार को ए प्लस ग्रेडिंग मिली है।
कैबिनेट ने यूपी एटीएस, सुरक्षा शाखा और जिलों के लिए 1035 वाहनों को खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि एटीएस द्वारा कुल 60 वाहन खरीदे जाएंगे। इनमें 37 निष्प्रयोज्य वाहन जैसे बस, बोलेरो, मोटरसाइकिल आदि शामिल हैं।
वहीं 23 नई टीवीएस अपाचे बाइक भी खरीदी जाएंगी। वहीं सुरक्षा शाखा द्वारा वीवीआईपी सुरक्षा के लिए 76 स्कार्पियो एन गाड़ियों की खरीद की जाएगी। इसके अलावा जिलों में कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण के लिए अलग-अलग प्रकार के 899 वाहनों की खरीद का प्रस्ताव भी मंजूर कर लिया गया है।