सीएम ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है तो उन्हें रोकने के लिए निम्नस्तरीय प्रयास हो रहे हैं। हमें इस समय किसी अफवाह पर ध्यान देने की बजाय देश की लीडरशिप पर भरोसा करना चाहिये। अफवाहबाजों से सावधान रहना होगा। ये वही लोग हैं, जिन्होंने सत्ता में रहने पर कुछ नहीं किया। आज जो कार्य हो रहे हैं उसमें खलल डाल रहे हैं।
मैं आस्था में विश्वास करता हूं लेकिन अंधविश्वासी नहीं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मेरे कपड़े को देखकर लोग मुझे अंधविश्वासी मानते होंगे। मैं आस्था में विश्वास करता हूं। सबकी आस्था का सम्मान भी करता हूं। अंधविश्वास को कतई नहीं मानता। मुझे बोला गया था कि नोएडा नहीं जाना है। मैंने कहा कि नोएडा क्या यूपी से बाहर है। बताया गया कि यह मान्यता है कि वहां जाएंगे तो सीएम कुर्सी से उतर जाएंगे। मैंने कहा कि वहां जरूर जाऊंगा। मुख्यमंत्री रहते हुए जो नोएडा नहीं गए, अपनी विभाजनकारी राजनीति के लिए आज वहां पहुंच गए। सीएम ने ये बातें रविवार को लोकभवन में डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में चयनित 665 नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में कहीं।
सीएम ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए हर स्टेज पर शासन द्वारा निगरानी की जाती है। हमारी तीसरी आंख भर्ती प्रक्रिया में सेंध लगाने वालों पर नजर रखती है। ऐसे लोगों को हम कैसा इलाज करते है, यह किसी से छिपा नहीं है। जेवर को वर्ष 2017 के पहले क्राइम कैपिटल के रूप में जाना जाता था। शाम 5 बजे के बाद गतिविधियां शून्य हो जाती थीं। सुबह 10 बजे के पहले तक कर्फ्यू जैसा माहौल रहता था। आज यह इन्वेस्टमेंट का बेस्ट डेस्टिनेशन बन गया है। देश और दुनिया का हर बड़ा संस्थान ग्रेटर नोएडा आना चाहता है।