लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया के तहत एग्जीक्यूटिव एमबीए (ई-एमबीए) पाठ्यक्रम के लिए आवेदन शुरू हो गए हैं। यह कोर्स खासतौर पर नौकरीशुदा पेशेवरों और उद्यमियों के लिए तैयार किया गया है। कुल 30 सीटों पर प्रवेश दिए जाएंगे और चयन व्यक्तिगत साक्षात्कार के आधार पर होगा।
विश्वविद्यालय के प्रवक्ता प्रो. मुकुल श्रीवास्तव ने बताया कि प्रबंध अध्ययन संकाय के प्रबंधन विभाग में यह कार्यक्रम सत्र 2024-25 से संचालित हो रहा है। इसका उद्देश्य कामकाजी लोगों को अपनी नौकरी के साथ प्रबंधन शिक्षा हासिल करने का अवसर देना है, ताकि वे अपने कॅरिअर और व्यवसाय को आगे बढ़ा सकें।
पांच प्रमुख स्ट्रीम में कर सकेंगे एमबीए
ई-एमबीए पाठ्यक्रम में पांच प्रमुख स्ट्रीम-कोर कोर्स, मार्केटिंग, फाइनेंस, ह्यूमन रिसोर्स और इंटरनेशनल बिजनेस शामिल हैं।
प्रति सेमेस्टर फीस निर्धारित
फीस संरचना भी तय कर दी गई है। प्रति सेमेस्टर 99,080 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। कक्षाएं ब्लेंडेड मोड में होंगी, यानी ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पढ़ाई कराई जाएगी।