लखनऊ। एक जिला-एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के तहत चिकनकारी और जरी-जरदोजी ट्रेड में प्रशिक्षण और टूलकिट पाने के इच्छुक युवाओं और कारीगरों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 अगस्त कर दी गई है। पहले अंतिम तिथि 31 जुलाई थी। पर्याप्त आवेदन न मिलने के कारण समय सीमा बढ़ाई गई है। उपायुक्त (उद्योग) अभिजीत गौतम ने बताया कि प्रशिक्षण पूरा करने वाले पात्र लाभार्थियों को उन्नत टूलकिट भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे अपने रोजगार और स्वरोजगार को मजबूत बना सकें। इच्छुक अभ्यर्थी विभागीय पोर्टल www.msme.up.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। साथ ही ओडीओपी द्वारा विकसित उद्यम सारथी एप के माध्यम से भी योजना की जानकारी और आवेदन प्रक्रिया देखी जा सकती है। अधिक जानकारी के लिए जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, 8 कैंट रोड, कैसरबाग स्थित कार्यालय में भी संपर्क किया जा सकता है।