लखनऊ। एनसीसी एयर विंग में कैडेटों की भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक छात्र 30 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। उम्र 24 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। मध्य कमान के जनसंपर्क अधिकारी शांतनु प्रताप सिंह ने बताया कि आवेदकों को अर्ह होने के लिए लखनऊ विश्वविद्यालय-यूपीटीयू(लखनऊ क्षेत्र) से जुड़े किसी कॉलेज में स्नातक या बीटेक फर्स्ट ईयर में होना चाहिए। तीन साल का डिप्लोमा या चार-पांच साल के स्नातक कोर्स के सेकंड ईयर के छात्र भी आवेदन कर सकते हैं। भर्ती में इंटरमीडिएट स्तर पर विज्ञान वर्ग के छात्रों को प्राथमिकता दी जाएगी। आवेदन फॉर्म 20 जुलाई से 5 यूपी एयर स्क्वाड्रन एनसीसी कार्यालय से लिए जा सकते हैं। कार्यालय महानगर एक्सटेंशन, पुराने आरटीओ ऑफिस के पास है। एनसीसी कैडेट को तीन वर्ष तक सामान्य व सैन्य विषयों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दूसरे और तीसरे वर्ष के अंत में ''बी'' और ''सी'' सर्टिफिकेट मिलेंगे।