निशुल्क शिक्षा का अधिकार (आरटीई) के अंतर्गत निजी स्कूलों ने दाखिले के दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह अंतिम चरण होगा। पहले तीन चरण की दाखिला प्रक्रिया होनी थी, लेकिन लॉकडाउन के चलते तीसरे चरण को निरस्त कर दिया गया। आरटीई के तहत अभिभावक बच्चों के दाखिले के लिए 10 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
ग्रामीण क्षेत्र के अभिभावक ऑफलाइन आवेदन भी कर सकते हैं। 11 से 13 जुलाई तक आवेदनों का सत्यापन होगा तथा 15 जुलाई को लॉटरी के माध्यम से दाखिले के लिए बच्चों का चयन किया जाएगा। चयनित बच्चों का 30 जुलाई तक निजी स्कूलों में दाखिला कराना होगा। दूसरे चरण में बच्चों को उन्हीं सीटों पर आवंटित किया जाएगा जो सीटें पहले चरण में रिक्त रह गई हैं। जिन स्कूल में एक भी सीट नहीं बची होगी। उन स्कूल में बच्चों को आवंटित नहीं किया जाएगा।