भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने कहा कि वंशवाद के आधार पर पद या टिकट नहीं दिया जाना चाहिए।
पर, कोई संघर्ष से आगे बढ़ता है तो सिर्फ किसी बड़े नेता का पुत्र या पुत्री, परिवार और नाते-रिश्तेदार होने के नाते ही उसकी अनदेखी न होनी चाहिए। इसकी आलोचना भी नहीं होनी चाहिए।
शनिवार को अनुराग लखनऊ में पत्रकारों से मुखातिब थे। अनुराग ने घोषणा की कि मोर्चा ने क्रिकेट के जरिये युवा को भाजपा से जोड़ने की योजना बनाई है।
पूरे देश में हर जिले से लेकर राज्य स्तर पर और राष्ट्रीय स्तर पर ये मैच आयोजित किए जाएंगे। मैच 11 जनवरी से जिला स्तर पर शुरू किए जाएंगे।
वंशवाद के आरोप से बचने को बदला नाम
अनुराग ने कहा कि उन पर सिर्फ पिता प्रेमचंद्र धूमल के नाम से आगे बढ़ने का आरोप न लगे, इसलिए उन्होंने अपना नाम बदला। क्रिकेट के खेल में सक्रिय होकर काम किया। संघर्ष किया। फिर चुनाव लड़े। वंशवाद वह है जहां पर सिर्फ बड़े परिवार या बड़े नेता का पुत्र या पुत्री होने पर पद या टिकट मिले।
अखिलेश व उमर से कोई उम्मीद नहीं
अनुराग ने कहा कि अखिलेश यादव व उमर अबदुल्ला जैसे युवाओं से कोई उम्मीद नहीं की जा सकती है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की स्थिति तो बहुत ही हास्यास्पद है। उन्हें तो खुद मुलायम सिंह यादव, रामगोपाल यादव सहित पांच-पांच लोग चला रहे हैं। उमर अब्दुल्ला तो केवल ट्विटर पर ही सक्रिय हैं। राहुल गांधी जैसे युवा का यह हाल है कि उनकी लोकसभा में सिर्फ 41 प्रतिशत ही उपस्थिति रही है।
स्कूल चलो और मेरा वोट देश के नाम
अनुराग ने बताया कि 25 दिसंबर को अटलजी के जन्मदिन ‘शिक्षित समाज-सशक्त भारत’ के नारे के साथ मोर्चा कार्यकर्ता मलिन बस्तियों में बच्चों को स्कूल जाने को प्रोत्साहित करेंगे। ज्यादा से ज्यादा का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए नेताजी सुभाष चंद बोस की जयंती 23 जनवरी को हर बूथ पर ‘मेरा वोट देश को’ कार्यक्रम करेंगे।
क्षेत्रीय सम्मेलनों का भी फैसला
अनुराग ने बताया कि लोकसभा चुनाव तैयारियों के लिए 20 दिसंबर तक प्रदेश में 8 क्षेत्रीय सम्मेलन किए जाएंगे। 16 दिसंबर को राष्ट्रीय सुरक्षा संकल्प कार्यक्रम होंगे।