रामसनेहीघाट डिवीजन में तैनात पावर कॉर्पोरेशन के एक अकाउंटेंट को लखनऊ की एंटी करप्शन की टीम ने गुरुवार को 70 हजार रुपये की घूस लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा है। विभाग में ही ठेकेदारी का काम करने वाले एक व्यक्ति की शिकायत पर एंटी करप्शन की टीम ने यह कार्रवाई की है।
आरोपी अकाउंटेंट के खिलाफ रामसनेहीघाट कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई है। रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ललुआपुर निवासी शिवकेश उपाध्याय पावर कॉर्पोरेशन में बिल बनाने की फ्रेंचाइजी चलाता था। वर्ष 2011 व 12 के बाद शिवकेश ने यह काम बंद कर दिया था। उसका करीब 4.50 लाख रुपये कमीशन विभाग पर बकाया था।
ठेकेदार ने लखनऊ मुख्यालय से अपने बकाए भुगतान का चेक बनवा लिया था। जो रामसनेहीघाट डिवीजन भेजा गया था। लेकिन यहां पर अधिशासी अभियंता कार्यालय में तैनात अकाउंटेंट निर्मेश नंदन श्रीवास्तव ठेकेदार शिवकेश उपाध्याय से उसका बकाया भुगतान करने की एवज में एक लाख रुपये की घूस मांग रहा था।