अंसल टाउनशिप के 7.68 करोड़ रुपये के बिल बकाये पर बिजली काटी गई। दोपहर 12:20 से बिजली ठप होते ही जनरेटर और इनवर्टर चलने लगे। बिजली कटते ही 25 हजार की आबादी बिजली संकट की चपेट में आ गई।
राजधानी लखनऊ में अंसल सुशांत गोल्फ सिटी टाउनशिप की शनिवार को चार घंटे तक बिजली कटी रही। यह बिजली दोपहर 12:20 बजे काटी गई। शाम 4:20 बजे तक नहीं जुड़ सकी। अंसल की इस टाउनशिप पर 7.68 करोड़ रुपये का बिजली बिल बकाया है। इससे पांच हजार परिवारों एवं कारोबारियों की करीब 25 हजार की आबादी बिजली संकट की चपेट में आ गई।
विज्ञापन
हालांकि, अंसल टाउनशिप के शत प्रतिशत उपभोक्ता जनरेटर एवं इनवर्टर सुविधा युक्त हैं, मगर इससे बंगले, फ्लैट एवं व्यावसायिक शोरूमों का फुल बिजली लोड चलना संभव नहीं होता है। इसके लिए उपभोक्ताओं को बिजली कटौती से परेशानी उठानी पड़ी। इससे पहले 26 फरवरी को भी बिजली काटी गई थी। तब प्रबंधन ने वादा किया था कि रोजाना 10 लाख रुपये का भुगतान करेंगे, लेकिन नहीं किया।
महज 10 लाख रुपये का भुगतान किया गया
राजभवन खंड के एक्सईएन अनुज कुमार ने शनिवार को बताया कि मेसर्स अंसल प्रॉपर्टीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी के कनेक्शन पर 7.68 करोड़ रुपये की देनदारी है। तमाम नोटिस के बाद भी अंसल ने बिल का भुगतान नहीं किया। अंसल पर 4.76 करोड़ रुपये की देनदारी मार्च एवं 2.91 करोड़ रुपये अप्रैल की हैं। अंसल के द्वारा महज 10 लाख रुपये का भुगतान किया गया है। जबकि, अंसल टाउनशिप में औसतन रोजाना 10 लाख रुपये की बिजली का उपभोग किया जा रहा है।