लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी थाने में बृहस्पतिवार को अंसल कंपनी के मालिक व अधिकारियों के खिलाफ 1.50 करोड़ की धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज हुई है। कंपनी पर गौतम बुद्ध नगर निवासी सगे भाइयों धीरेंद्र कुमार सिंह व पीयूष से प्लॉट के नाम पर रुपये लेकर रजिस्ट्री न करने का आरोप है।
धीरेंद्र के मुताबिक, उन्होंने व उनके भाई ने प्लॉट लेने के लिए जनवरी 2022 में अंसल प्रॉपर्टीज एवं इंफ्रास्ट्रक्चर लि. के नई दिल्ली स्थित दफ्तर में संपर्क किया था। इसके बाद कंपनी की लखनऊ में सुशांत गोल्फ सिटी स्थित साइट में 1.60 करोड़ का प्लॉट बुक कराया था। इसके लिए एडवांस में 1.50 करोड़ रुपये का भुगतान किया था, लेकिन उनके नाम पर रजिस्ट्री नहीं की गई। दो साल तक अंसल के लखनऊ स्थित दफ्तर के चक्कर काटने पर 2024 में कंपनी ने उन्हें उतनी ही कीमत के दो भूखंड आवंटित कर दिए, लेकिन फरवरी 2025 तक दोनों प्लॉटों की रजिस्ट्री नहीं की। ऐसे में जब धीरेंद्र ने एलडीए से इसकी जानकारी की तो पता चला कि प्राधिकरण के पास दोनों प्लॉटों के नक्शे ही नहीं हैं। ऐसे में जब धीरेंद्र ने अंसल के अधिकारियों से बात की तो उन्होंने जानकारी देने से मना कर दिया। इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है।