श्रेया ग्रुप ऑफ कंपनी के मालिक पर एक और ठगी का केस
लखनऊ। गोमतीनगर थाने में श्रेया ग्रुप ऑफ कंपनी के मालिक हेमंत राय के खिलाफ एक और ठगी की एफआईआर दर्ज हुई है। तीन लोगों से आठ लाख रुपये ठगने का आरोप है।
कैंट के निलमथा में रहने वाले राकेश सिंह ने बताया कि हेमंत राय से उनकी मुलाकात उसके गोमतीनगर स्थित दफ्तर में हुई थी। हेमंत ने जमीन में निवेश कर मुनाफा कमाने का झांसा देकर राकेश से 1.85 लाख, उनके परिचित घनश्याम से 3.33 लाख और विनय सिंह से 2.62 लाख रुपये निवेश कराए थे। 15 माह में रकम और मुनाफा देने का वादा किया था। इंस्पेक्टर राजेश त्रिपाठी के मुताबिक तफ्तीश चल रही है।
राकेश का आरोप है कि हेमंत ने ठगी के लिए शाइन सिटी की तर्ज पर कंपनी खोली। इसके तहत उसने छह फर्में बनाईं। ठगी के एक पीड़ित ने दो फरवरी को आत्महत्या कर ली थी। मामले में हेमंत पर केस भी हुआ था। आरोपी खुद को बड़े मंत्रियों का करीबी बताते हुए धमकाता है। आरोपी विदेश भागने की फिराक में है।