लखनऊ। चौक स्थित इंडियन बैंक की सिटी शाखा के लॉकर से जेवर चोरी का एक और मामला सामने आया है। पुलगामा निवासी कारोबारी की पत्नी रंजीता कपूर ने एसीपी चौक को तहरीर देकर लॉकर से सोने की चेन गायब होने की शिकायत की है। इससे पहले इसी शाखा में डॉ. रवि के लॉकर से करीब एक करोड़ रुपये के जेवर चोरी होने का मामला सामने आया था। पुलिस अभी इसकी जांच कर ही रही थी कि दूसरी शिकायत मिल गई।
रंजीता के मुताबिक, उन्होंने सितंबर 2025 में बैंक में लॉकर लिया था। शनिवार को डॉ. रवि के लॉकर से जेवर चोरी होने की जानकारी मिलने पर वह अपना लॉकर चेक करने पहुंचीं। इस दौरान सोने की एक चेन गायब मिली। बैंककर्मियों से पूछताछ करने पर संतोषजनक जवाब नहीं मिला जिसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
एसीपी चौक शुभम कुमार ने बताया कि मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। पुलिस ने बैंककर्मियों से पूछताछ के साथ सीसीटीवी फुटेज भी कब्जे में ली है। फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। साथ ही अन्य लॉकर धारकों से संपर्क कर उन्हें अपने लॉकर चेक करने को कहा गया है। एसीपी के मुताबिक, अन्य शिकायतें मिलने पर एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।