लखनऊ। पीजीआई के रेवतापुर में सोमवार को दो पक्षों के बीच हुए संघर्ष के दौरान प्लंबर सोनू यादव की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में नामजद एक और आरोपी संजय यादव को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में पुलिस पहले सात लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल ने बताया कि रेवतापुर निवासी प्लंबर सोनू यादव और पड़ोसी व पट्टीदार डेयरी संचालक अजय यादव के बीच पुरानी रंजिश के चलते सोमवार दोपहर ईंट-पत्थर व गोली चली। इसमें एक गोली सोनू यादव के पेट में लगी, जिससे मंगलवार दोपहर उनकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने अजय यादव, विजय यादव, कपिल यादव, सचिन यादव, जितेंद्र कुमार, अनुज यादव और उषा को गिरफ्तार किया था। संजय यादव की लाइसेंसी राइफल भी बरामद की थी। बृहस्पतिवार को पुलिस ने संजय यादव को भी गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर पीजीआई धीरेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी का शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी जा रही है। केस में नामजद आरोपी विनेश यादव, रामदुलारी, नीतू यादव, प्रीति यादव, ज्योति यादव और वर्षा यादव की भूमिका की जांच की जा रही है।