लखनऊ। अंकुर कपूर और अश्विनी कुमार ने एसबी लाल एडवोकेट मेमोरियल वेटरन टेनिस टूर्नामेंट में उम्दा खेल दिखाते हुए 35 वर्ष से अधिक के एकल फाइनल में स्थान सुरक्षित किया। एसडीएस टेनिस अकादमी की ओर से ला-मार्टिनियर कॉलेज स्थित टेनिस फैसिलिटी में आयोजित टूर्नामेंट में शनिवार को रोमांचक मुकाबले खेले गए।
35 वर्ष से अधिक एकल वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में अंकुर कपूर ने आशीष मोगा को 6-3 से पराजित किया, जबकि अश्विनी कुमार ने भूपेंद्र चौधरी को 6-1 से हराकर फाइनल में जगह पक्की की। 35 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के युगल सेमीफाइनल में एकतरफा मुकाबले में अंकुर और आदित्य की जोड़ी ने शेषनाथ पांडेय व विशाल कुमार को 6-1 से शिकस्त दी।
दूसरे सेमीफाइनल में अश्विनी और कार्तिक की जोड़ी ने आशीष व शाश्वत राज को समान अंतर से 6-1 से हराकर जीत दर्ज की। 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के क्वार्टर फाइनल में कार्तिक अप्पा दुरई ने राजकुमार को 6-2 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया, जबकि सत्या पाठक ने हिमांशु चौहान को 6-1 से पराजित कर अंतिम चार में जगह बनाई।