लखनऊ। पति से झगड़कर चारबाग रेलवे स्टेशन पहुंची महिला का बच्चा खो गया। सोमवार को इस मामले में पति ने जीआरपी में तहरीर दी है।
चारबाग जीआरपी इंस्पेक्टर धर्मवीर सिंह ने बताया कि मामला 22 फरवरी का है। अर्जुननगर गांव निवासी धर्मेंद्र की पत्नी से कहासुनी हो गई थी। इसके बाद नाराज पत्नी तीनों बेटों को लेकर कहीं चली गई। सूचना थाने में दी गई। इसके तीन दिन बाद 25 फरवरी को पत्नी घर लौट आई। उसके साथ दो बेटे थे, लेकिन छोटा बेटा नहीं था। पूछने पर पत्नी ने बताया कि बेटा सोते समय स्टेशन से कहीं लापता हो गया है।
धर्मवीर सिंह ने बताया कि सीसीटीवी जांचने और महिला से पूछताछ करने पर पता चला कि स्टेशन पर एक महिला व पुरुष उसे मिले थे, जो उसे लेकर कैसरबाग चले गए। वहां बच्चों को कपड़े दिलाने के नाम पर महिला को बाजार में ले गए। लाैटने पर उसका बच्चा गायब था। उन्होंने बताया कि वजीरगंज थाने में भी शिकायत की गई है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।