लखनऊ। कृष्णानगर में कानपुर रोड स्थित सीएमएस में सोमवार सुबह आगजनी की कोशिश की गई। फुटेज में बाइक सवार ज्वलनशील पदार्थ की बोतल स्कूल में फेंकते दिखा। पुलिस ने फुटेज की मदद से मंगलवार देर रात राजाजीपुरम निवासी राजदीप शुक्ला को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि स्कूल में बास्केटबॉल का पोल गिरने पर उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया था। इससे नाराज होकर उसने बदला लेने के इरादे से स्कूल में आग लगाने का प्रयास किया था।
एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा ने बताया कि एलडीए कॉलोनी स्थित सीएमएस के गेट नंबर दो से किसी ने सोमवार सुबह 4.15 बजे ज्वलनशील पदार्थ कैंपस में फेंका। सुरक्षाकर्मी प्रकाश दास ने अधिकारियों को सूचना देते हुए सहयोगियों के साथ आग पर काबू पाया। स्कूल के सिक्योरिटी इंचार्ज पवन गोसाई ने कृष्णानगर थाने में अज्ञात के खिलाफ आगजनी का केस दर्ज कराया।
एसीपी ने बताया कि दो टीमें आरोपी की तलाश में लगाई गईं। सीसीटीवी फुटेज में दिखी बाइक के नंबर से आरोपी राजदीप का पता चला। मंगलवार देर रात उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने भाई अक्षत के साथ स्कूल में हुई घटना से नाराज होकर आग लगाने के प्रयास की बात कबूली।
10 नवंबर को घायल हुआ था भाई
राजदीप का भाई अक्षत कानपुर रोड एलडीए कॉलोनी के सीएमएस में 11वीं का छात्र है। 10 नवंबर को वह कुछ छात्रों के साथ पहिये वाले बास्केटबॉल पोल के चबूतरे पर बैठा था। इससे पोल असंतुलित होकर अक्षय के सिर पर गिर गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।