सुसाइड नोट में मोबाइल पर गलत तरीके से बात करने का लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
अमावां (रायबरेली)। मिल एरिया थानाक्षेत्र में मोबाइल पर प्रेमिका ने गलत तरीके से बात की तो प्रेमी ने फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली। दोनों के बीच पांच साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। बताया जाता है कि दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन उनके परिजन विरोध कर रहे थे। मौके से सुसाइड नोट मिला है जिसमें युवक ने प्रेमिका को आत्महत्या करने के लिए जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की।
मिल एरिया थाना क्षेत्र के संदीराम गांव निवासी धीरज मौर्या (24) का शव बुधवार को घर के अंदर छत के कुंडे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। सूचना पर मिल एरिया थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच की। इस दौरान सुसाइड नोट मिला। इसमें धीरज ने लिखा है कि वह अंतिमा सिंह की वजह से आत्महत्या कर रहा है। अंतिमा से मोबाइल पर उसकी रोज बात होती थी। बुधवार को अंतिमा ने बहुत उल्टा-सीधा बोला। धीरज ने लिखा कि इसी वजह से वह आत्महत्या कर रहा है। उसने पांच साल से प्रेम-प्रसंग चलने की बात भी लिखी है। सीओ सदर वंदना सिंह ने बताया कि प्रेम-प्रसंग के चलते युवक ने खुदकुशी की है। परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई होगी।