भूपति भवन रामनगर में बीते साल 14 सितंबर को हुए बवाल में हुई सिपाही की हत्या के आरोपी भाजपा नेता और राज्यसभा सदस्य डॉ. संजय सिंह के बेटे अनंत विक्रम सिंह को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के वक्त वे अपनी पत्नी के साथ राजभवन के सामने स्थित सती माता के मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। समर्थकों के विरोध के डर से पुलिस पहले उन्हें पीपरपुर थाने ले गई। करीब एक घंटे बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां सीजेएम ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
भूपति भवन रामनगर में 14 सितंबर 2014 को विरासत को लेकर हुए बवाल में कोतवाली अमेठी में तैनात सिपाही विजय मिश्र की हत्या हो गई थी जबकि एस एसओ समेत कई पुलिस कर्मी घायल हो गए थे।
इस मामले में एसओ अमेठी मोहम्मद हमीद की तहरीर पर अनंत विक्रम सिंह समेत सात नामजद और 300 अज्ञात के खिलाफ हत्या समेत कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज हुई थी।