सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी में चल रहे विवादों के बीच दो दिन में दो बड़े फैसले हुए जो परिवार, पार्टी और सरकार तीनों के भविष्य के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण बन गए हैं।
सीएम अखिलेश यादव ने सोमवार सुबह मुलायम सिंह यादव के बेहद नजदीकी खनन मंत्री और चाचा शिवपाल के करीबी राजकिशोर सिंह को बर्खास्त किया, तो अगली सुबह शिवपाल के नजदीकी आईएएस अफसर दीपक सिंघल को मुख्य सचिव पद से विदा कर दिया।
माना जा रहा है कि इन फैसलों में अखिलेश ने न तो पिता मुलायम और न चाचा शिवपाल को विश्वास में लिया था। इसका नतीजा ये हुआ कि शाम होते-होते मुलायम सिंह यादव ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद से अखिलेश को हटाते हुए शिवपाल यादव को ही कमान सौंप दी। इस फैसले को पार्टी और परिवार में संतुलन बनाए रखे जाने के तौर पर देखा जा रहा है।