मृतक राधेश्याम एवं घटना में बचीं पत्नी भुवनेश्वरी देवी।
लखनऊ। आशियाना के सेक्टर-एच में बुधवार शाम तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे अलाव ताप रहे तीन श्रमिकों को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे बनी दुकान में जा घुसी। हादसे में घायल एक मजदूर ने बृहस्पतिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। मौके से मिली कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
आशियाना के सेक्टर-एच में निजी कॉम्प्लेक्स का निर्माण हो रहा है। उसके बाहरी हिस्से में सड़क किनारे छत्तीसगढ़ के तीन मजदूर राधेश्याम, दिलीप कुमार और जयपाल झोपड़ी बनाकर परिवार के साथ रहते हैं। वहीं एक झोपड़ी में धर्मेंद्र सब्जी और पान मसाले की दुकान चलाते हैं। बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे तीनों मजदूर धर्मेंद्र की दुकान के बाहर आग जलाकर ताप रहे थे। इस बीच तेज रफ्तार कार उन्हें टक्कर मारते हुए धर्मेंद्र की दुकान में जा घुसी। हादसे के बाद आरोपी चालक कार छोड़कर भाग गया।
घटना के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। आशियाना पुलिस ने तीनों घायलों को लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल राधेश्याम को डॉक्टरों ने ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। बृहस्पतिवार सुबह राधेश्याम की मौत हो गई। इंस्पेक्टर आशियाना छत्रपाल सिंह ने बताया कि गाड़ी नंबर से कार चालक के बारे में पता लगाया जा रहा है। पुलिस के सूत्र बताते हैं कि आरोपी कार चालक सरोजनीनगर का रहने वाला है।
बाल-बाल बचीं राधेश्याम की पत्नी
राधेश्याम की पत्नी भुवनेश्वरी देवी ने बताया कि हादसे के वक्त वह पति के पास ही खड़ी थीं। वह खाना बनाने के लिए झोपड़ी में जाने लगीं और तभी हादसा हो गया। राधेश्याम के अंतिम संस्कार और शव को गांव ले जाने के लिए लोगों ने चंदा इकट्ठा कर उन्हें रुपये दिए। राधेश्याम के परिवार में बेटा कोमल, बेटी पायल और रूबी छत्तीसगढ़ में दादा पुरुषोत्तम के साथ रहते हैं।
मृतक राधेश्याम एवं घटना में बचीं पत्नी भुवनेश्वरी देवी।