वरुण विहार योजना का निरीक्षण करते एलडीए वीसी।
लखनऊ। आगरा एक्सप्रेस-वे पर प्रस्तावित एलडीए की अब तक की सबसे बड़ी आवासीय योजना वरुण विहार मुख्य शहर से जुड़ेगी। इसके लिए हैदर कैनाल के समानांतर लगभग 11 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड विकसित की जाएगी। जिससे हजरतगंज से वरुण विहार का सफर मात्र 20 मिनट में पूरा होगा, जिसे अभी तय करने में 50 मिनट तक का समय लगता है। एलिवेटेड रोड बनने को लेकर अमर उजाला ने 10 अप्रैल को खबर भी प्रकाशित की थी।
एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने बुधवार को वरुण विहार योजना का निरीक्षण करके एलिवेटेड रोड के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कैनाल के समानांतर इस मास्टर प्लान रोड से शहर के दो छोर सीधे जुड़ जाएंगे। योजना के दो सेक्टरों कैलाश व काशी खंड में भूखंडों के आवंटन के लिए जून में 2100 भूखंडों के लिए पंजीकरण खोला जाएगा। इन दोनों सेक्टर व आसपास के क्षेत्र में ले-आउट के अनुसार 60 मीटर, 45 मीटर व 24 मीटर चौड़ी सड़कों के निर्माण के लिए शीघ्र टेंडर किए जाएंगे।
नादरगंज से किसान पथ तक चौड़ी होगी सड़क
एलडीए वीसी ने बताया कि अनंत नगर योजना की कनेक्टिविटी बेहतर करने के लिए नादरगंज से टीएस मिश्र विद्यालय से मोहान रोड होते हुए किसान पथ तक सड़क चौड़ीकरण कराया जाना है। निविदा की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जोनल अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि उक्त मार्ग पर स्थित सभी अवैध निर्माणों के खिलाफ नोटिस जारी करके ध्वस्तीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाए।