गैस रिसाव को रोकने का प्रयास करते फायर ब्रिगेड कर्मी
राजधानी के गुडंबा क्षेत्र में आबादी के बीच स्थित बर्फ की एक फैक्ट्री में रविवार देर रात पाइप फटने से अमोनिया गैस पूरे इलाके में फैल गई। आंखों में जलन के साथ सांस लेने में दिक्कत पर आसपास के लोगों को भनक लगी। सूचना पर पुलिस व दमकल दस्ता मौके पर पहुंचा। फैक्ट्री के आसपास के मकान खाली कराकर लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है।
प्रभारी निरीक्षक धर्मेश कुमार शाही ने बताया कि खत्री पुलिस चौकी क्षेत्र के बसंत विहार स्थित खन्ना आइस फैक्ट्री में पाइप फटने से अमोनिया गैस पूरे इलाके में फैलने लगी। आसपास के मकानों में रह रहे लोग आंख में जलन के साथ सांस में दिक्कत महसूस होने पर अपने घरों से निकले।
इस बीच फैक्ट्री में मामूली धमाका सुनाई दिया। उन्होंने पुलिस को फोन किया। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। नाक पर कपड़ा लपेट कर फैक्ट्री में घुसे पुलिसकर्मियों ने किसी तरह लीकेज बंद किया लेकिन कुछ देर में फिर से तेज रिसाव होने से पुलिसकर्मियों की तबीयत बिगड़ने लगी।
वह खांसते हुए फैक्ट्री से बाहर आए। इस बीच फायरब्रिगेड को कॉल की जा चुकी थी। मौके पर पहुंची फायरब्रिगेड की एक गाड़ी से उतरे दमकलकर्मी चेहरे पर मॉस्क लगाकर फैक्ट्री में घुसे। काफी देर मशक्कत करके अमोनिया का रिसाव बंद किया।
प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि अमोनिया गैस की चपेट में आए कुछ लोग अस्पताल व निजी चिकित्सकों के पास गए। ऐहतियात के तौर पर आसपास के मकानों को खाली कराकर वहां रहने वालों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है।
फैक्ट्री मालिक व कर्मचारियों को हादसे की सूचना देने के साथ तलब किया गया है। रिहाइशी इलाके में फैक्ट्री के संचालन व उसकी देखभाल में लापरवाही को लेकर पूछताछ के साथ कार्रवाई की जाएगी।